एक ही रात तीन घरों में चोरी, लाखों का माल साफ
सेमरदहा गांव में चोरों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के सेमरदहा गांव में बीती रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने छत के रास्ते घरों में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने नन्हा यादव पुत्र रामबहोरी, संतोष कोटार्य पुत्र शिवनारेश एवं बृजकिशोर त्रिपाठी के घरों को निशाना बनाया। बताया गया कि चोर रात के अंधेरे में छत पर चढ़कर घर के अंदर घुसे और कमरों में रखे जेवरात, नगदी, कपड़ों से भरा बक्शा सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह हुई चोरी की जानकारी
सुबह जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना बहिलपुरवा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।बहिलपुरवा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस द्वारा किया गया है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।






