बरेली में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का मंडल अधिवेशन संपन्न

जन एक्सप्रेस /बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का मंडल अधिवेशन बरेली स्थित अजंता पटियाला होटल में सकुशल एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन की मजबूती, व्यापारियों की समस्याओं, सम्मान व सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।अधिवेशन के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिरीष गुप्ता ने की, जबकि संचालन मंडल प्रभारी समिति अग्रवाल द्वारा किया गया।
मंचासीन अतिथियों में प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया, मंडल महामंत्री प्रवीण गोयल, पीलीभीत जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी, शाहजहांपुर जिला अध्यक्ष कुलदीप दुआ, बदायूं जिला अध्यक्ष केवी गुप्ता, बरेली जिला अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी एवं जिला चेयरमैन विपिन गुप्ता शामिल रहे।अधिवेशन के दौरान मंडल के चारों जिलों के भामाशाहों को सम्मानित किया गया, जिसमें पीलीभीत से संजय चंद्रा को सम्मान प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल संघर्षों की बुनियाद पर खड़ा संगठन है, जिसने अपने स्वर्णिम 50 वर्ष पूर्ण कर 51वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में लगभग ढाई करोड़ व्यापारी इस संगठन से जुड़े हैं और व्यापारियों के हितों के लिए संगठन ने अनेक ऐतिहासिक संघर्ष किए हैं।उन्होंने कहा कि संगठन के प्रयासों से खाद्य सुरक्षा अधिनियम में बड़े स्तर पर संशोधन हुए और जीएसटी स्लैब में भी कई बार बदलाव कराए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है, लेकिन कुछ अधिकारी आज भी व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं। ऐसे मामलों को संगठन लगातार सरकार के समक्ष उठाता रहा है।उन्होंने विधान परिषद में व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित किए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रशासनिक उत्पीड़न नहीं रुका तो संगठन लखनऊ से बड़े आंदोलन का बिगुल फूंकेगा। साथ ही ऑनलाइन व्यापार को बढ़ावा दे रही विदेशी कंपनियों के खिलाफ शीघ्र आंदोलन की घोषणा भी की।विशिष्ट अतिथि टीएन अग्रवाल ने कहा कि इस संगठन की नींव काशी में मां गंगा के तट पर लाला विशंभर दयाल अग्रवाल एवं पंडित श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा रखी गई थी, जो आज व्यापारियों की समस्याओं, सम्मान और सुरक्षा के लिए एक मजबूत मंच बन चुका है। उन्होंने संगठन के संस्थापकों के योगदान को याद करते हुए वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व की सराहना की।अधिवेशन में मंडल व जिले से आए बड़ी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना, जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी, जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल, जिला कोषाध्यक्ष संजीव शर्मा, पीयूष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रेम गंगवार, श्याम गुप्ता, धर्मेंद्र निमरानी, मुरली रमानी, अजय गुप्ता, जंग बहादुर, नगर अध्यक्ष रवि शर्मा, उमेश पटेल, राहुल गजवानी, प्रतीक सक्सेना, परविंदर सिंह सिंटू, राकेश गंगवार, वीरेंद्र पटेल, विजय गुप्ता, कपिल गुप्ता सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।






