उत्तर प्रदेशहाथरस

हाथरस में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास सम्मेलन का भव्य समापन

रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या पीजी कॉलेज में विशेषज्ञों ने युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा पर दिया जोर

जन एक्सप्रेस हाथरस। रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हाथरस में दिनांक 21 एवं 22 दिसंबर 2025 को आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास सम्मेलन का समापन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा को कौशल आधारित बनाने पर अपने विचार रखे।समापन दिवस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. पी.के. दशोरा, कुलपति, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथियों में श्री पी.के. दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस तथा प्रो. लकी गुप्ता, प्राचार्या, के.आर. गर्ल्स पीजी कॉलेज, मथुरा शामिल रहीं।
कौशल आधारित सोच से ही मिलेगा युवाओं को रोजगार— प्राचार्या
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब तक युवाओं की सोच उद्यमशील और कौशल आधारित नहीं होगी, तब तक उच्च शिक्षा रोजगार की गारंटी नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि चुनौतियाँ युवाओं को कमजोर नहीं, बल्कि अधिक सक्षम बनाती हैं। सम्मेलन के निष्कर्ष के रूप में उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास युवाओं के भविष्य को सशक्त करेगा।तत्पश्चात डॉ. लीना चौहान ने सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए दोनों दिनों में हुए सत्रों, शोध पत्रों एवं विचार-विमर्श का सार रखा।सम्मेलन को श्री पी.के. दीक्षित, प्रो. लकी गुप्ता, प्रख्यात वक्ता डॉ. अजय एस. सिंह तथा डॉ. नेहा शिवहरे (ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय, कनाडा) ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच समन्वय को समय की आवश्यकता बताया।
युवा जनसंख्या भारत की सबसे बड़ी ताकत— डॉ. विकास कुमार शर्मा
डॉ. विकास कुमार शर्मा, डायरेक्टर, फोकस ग्रुप ने “भारत में रोजगार हेतु उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास: संभावनाएँ और चुनौतियाँ” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भारत की युवा आबादी देश के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करने पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन के सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव श्री प्रदीप कुमार गोयल सहित पूरे महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button