उत्तर प्रदेशचित्रकूट

आकांक्षी जनपद व ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा, नीति आयोग ने दिए सुधार के निर्देश

नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट:(हेमनारायण हेमू):कलेक्ट्रेट सभागार में नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABP) से संबंधित प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पिछड़े एवं कम विकसित जिलों में तीव्र सुधार कर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करना है।
स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 24 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में से 23 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में दवाइयों, टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा नामित नोडल अधिकारी द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि उप-स्वास्थ्य केंद्रों के सशक्त होने से प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दबाव कम होगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले-ग्रुप के रूप में विकसित करने के निर्देश
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 40 स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों में से 31 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इस पर नीति आयोग के अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक व रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष बल देते हुए कहा कि इन्हें प्ले-ग्रुप के रूप में विकसित किया जाए, जहां बच्चों के लिए खिलौने, लर्निंग किट और आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्र निजी आवासों में संचालित न किए जाएं।
शिक्षा की गुणवत्ता और डिजिटल संसाधनों की समीक्षा
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि निपुण परीक्षा के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जा रहा है। 75 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना पूर्ण हो चुकी है। इस पर कंटेंट की गुणवत्ता, इंटरनेट कनेक्टिविटी और ऑफलाइन शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि बच्चों की लर्निंग आउटकम में वास्तविक सुधार हो सके।
डिजिटल लाइब्रेरी और अभ्युदय कोचिंग हाल पर चर्चा
जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण डिजिटल लाइब्रेरी को सप्ताह के सातों दिन खोले जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लाइब्रेरी भवन पर अतिरिक्त मंजिल निर्माण की संभावना पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।अभ्युदय कोचिंग हाल में नीट, एसएससी, सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है, जहां नवीन कंटेंट और ऑनलाइन माध्यम के उपयोग पर बल दिया गया।
सिंचाई, कृषि और एफपीओ पर फोकस
लघु सिंचाई विभाग ने बताया कि नीति आयोग के अंतर्गत दो चेक डैम प्रस्तावित हैं, जिनमें से एक पूर्ण हो चुका है। चेक डैम से जलस्तर में हुए बदलाव का नियमित डाटा संकलन करने के निर्देश दिए गए।कृषि क्षेत्र में दालों की उत्पादकता बढ़ाने पर जोर देते हुए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। जनपद में संचालित 29 एफपीओ के कार्यों, ऑर्गेनिक खेती, मिलेट्स एवं प्रोसेसिंग से जुड़े डाटा उपलब्ध कराने को कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षाप्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित 27 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष 24 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में बताया गया कि जनपद पूर्व में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में देश में प्रथम स्थान पर रहा है, लेकिन वर्तमान में रैंकिंग में गिरावट के कारणों का विश्लेषण करने की आवश्यकता है। गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की समयबद्ध पहचान और सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता के निर्देश
संयुक्त जिला चिकित्सालय की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों एवं दवाओं की उपलब्धता सामान्य बताई गई, हालांकि स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी सामने आई। नीति आयोग के अधिकारी ने सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर में समानता लाने, स्वच्छ पेयजल, बालक-बालिका शौचालय की शत-प्रतिशत उपलब्धता तथा शिक्षक-छात्र अनुपात के अनुसार शिक्षकों के समायोजन के निर्देश दिए।
आउटपुट और परिणाम आधारित कार्य पर जोर
बैठक के अंत में नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने कहा कि योजनाओं में केवल आंकड़े नहीं, बल्कि उनके आउटपुट और परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए, ताकि आकांक्षी जनपद कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का जनपद स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button