25 हजार का इनामिया वांछित शातिर अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में हुआ गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महोबा l पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत शनिवार को जनपदीय एसओजी एवं कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान वांछित शातिर अभियुक्त वारिश उर्फ लुच्ची द्वारा पुलिस टीम पर गाली गलौच करते हुये जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया l अभियुक्त के कब्जे 95 हजार रूपये नगद, पीली धातु के 6 छोटे बडे टुकडे कुल वजन करीब 36 ग्राम के साथ 1 अवैध तमंचा, 2 जिन्दा कारतूस एवं 1 खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर कोतवाली नगर पर धारा 109(1)/352 बीएनएस (पुलिस मुठभेड) व 3/25 आर्म्स एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया । गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग द्वारा निर्गत आदेशों एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है l वहीं पुलिस कस्टडी में जिला अस्पताल में भर्ती अभियुक्त कैमरे के सामने पोज मारते नजर आ रहा है जिससे पुलिस एनकाउंटर पर सवालिया निशान लग रहे है l






