पुलिस ने 24 घंटे में घटना का किया खुलासा, बेटा ही निकाला पिता का हत्यारा

जन एक्सप्रेस/महोबा। चरखारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुढ़ा में विगत दिवस हुई एक 75 वर्षीय वृद्ध की पत्थरों से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया था l जिसमें पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 103(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। मुकदमा पंजीकृत किए जाने के 24 घंटे के भीतर ही चरखारी पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है और हत्यारा भी वृद्ध का बेटा ही निकला। सूचना पर थाना चरखारी पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम एवं उच्चाधिकारीगणों के साथ तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर प्रारम्भिक तथ्यों के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई और फोरेंसिक जांच व साक्ष्यों को जुटाते हुए पुलिस ने मृतक के बेटे को ही हत्या का दोषी पाया है। प्रभारी निरीक्षक चरखारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उक्त घटित घटना का संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह द्वारा घटना का सफल अनावरण किए जाने हेतु अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह व क्षेत्राधिकारी चरखारी दीपक दुबे के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चरखारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर घटना में संलिप्त अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित किये जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। गठित पुलिस टीम द्वारा विभिन्न साक्ष्यों का संकलन एवं गवाहों एवं बयानों के आधार पर हत्या की घटना कारित करने वाले हत्यारोपी अभियुक्त भागवली राजपूत पुत्र लालदिमान उम्र करीब 45 वर्ष निवासी ग्राम गुढ़ा थाना चरखारी को मय आलाकत्ल आधी ईट का टुकड़ा के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही प्रचलित कर जेल भेजा जा रहा है। पूंछतांछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसे यह आशंका थी कि उसके बड़े भाई हरनारायण द्वारा पिता को अपने वश में कर लिया गया है तथा वह पिता की सम्पूर्ण भूमि अपने नाम कराने की योजना बना रहा है। उक्त कारणों से अभियुक्त अत्यधिक मानसिक दबाव में आ गया तथा आजिज आकर उसने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और अपने पिता की हत्या की घटना को कारित किया। पुलिस ने आलाकत्ल के साथ अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।






