विराट दंगल के साथ ऐचाना गाँव में आठ दिवसीय मेला महोत्सव का शुभारम्भ

जन एक्सप्रेस /खरेला (महोबा)।क्षेत्र के ऐचाना गाँव में परंपरागत आठ दिवसीय मेला महोत्सव का भव्य शुभारम्भ विराट दंगल के आयोजन के साथ हुआ। मेले के पहले दिन आयोजित दंगल में आसपास के जिलों से आए नामी पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण व दर्शक मौजूद रहे।दंगल प्रतियोगिता में रोमांचक कुश्तियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। आयोजकों द्वारा पहलवानों का स्वागत-सम्मान किया गया, वहीं विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया। दंगल के दौरान सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति मुस्तैद नजर आई।मेला महोत्सव के दौरान अगले आठ दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, भजन-कीर्तन, झूले, खेल-तमाशे एवं विभिन्न दुकानों का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ दूरदराज से आने वाले श्रद्धालु व पर्यटक भी मेले का आनंद उठा सकेंगे।ग्रामीणों ने बताया कि यह मेला क्षेत्र की पुरानी परंपरा का प्रतीक है, जो आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करता है। मेले के शुभारम्भ से पूरे गाँव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।






