रेलवे विभाग से रिटायर वृद्ध की संदिग्ध अवस्था में मौत, भाई ने लगाए गम्भीर आरोप

जन एक्सप्रेस/महोबा l शहर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे विभाग से रिटायर वृद्ध की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी l मृतक के भाई द्वारा खाना बनाने वाले पर बंधक बनाने, खाना नहीं देने और मारपीट के आरोप लगाए गए है l पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराते हुये मामले की जाँच शुरू कर दी है lप्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बजरंग नगर न्यू सिटी निवासी ओमप्रकाश सिंह पुत्र राज नन्दन उम्र 70 साल की रविवार की रात्रि अचानक तबियत बिगड़ गयी l जिसे कैलाश कुमार और साढ़ू राम प्रकाश उपचार के लिये जिला अस्पताल ले गये जहाँ इमरजेंसी डयूटी कर रहे डाक्टर ने परीक्षण उपरान्त मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया l मृतक के भाई सराफीपुरा निवासी अमर सिंह ने खाना बनाने वाले पर मृतक ओमप्रकाश को घर में बंधक बनाने, खाना नहीं देने, मारपीट करने एवं अन्य परिजनों और रिश्तेदारों से मिलने नहीं देने के आरोप लगाए है l मृतक की अनुजवधु पुष्पा सिंह पत्नी अमर सिंह ने कोतवाली पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र जांच कराकर कार्यवाही की मांग उठाई है l पुलिस द्वारा शिकायत को गंभीरता लेते हुए मौत के कारणों का पता लगाने के लिये शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है l मृतक के भाई अमर सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश सिंह अपनी मानसिक विक्षिप्त पुत्री रश्मि के साथ रहते थे l दोनों कि देखरेख और खाना बनाने के लिये एक काम वाली बाई रामदेवी को रखा था l जिसने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर उसके भाई और भतीजी का उत्पीड़न किया है जिसके कारण भाई की मौत हुई है l कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष पाण्डेय ने बताया कि तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिसमें मौत के कारणों का पता चल सकेगा l






