21 लाख से अधिक की चोरी की घटना का हुआ खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /महोबा l(अंजली धाकड़): अपराध एवं चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवगत कराना है कि बीते रोज अज्ञात चोरों द्वारा बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स प्रा० लि० के कार्यालय से चोरी की घटना कारित की गई थी। उक्त सूचना पर उच्चाधिकारीगण द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना के त्वरित एवं सफल अनावरण हेतु 3 विशेष पुलिस टीमों का गठन करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जनपदीय एसओजी, सर्विलांस टीम तथा थाना कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी के एक बड़े प्रकरण का सफल अनावरण करते हुये थाना कोतवाली नगर के धारा 331(4)/305 बीएनएस में वांछित 02 नफर अभियुक्तगण को मय 21 लाख 18 हजार 660 रुपये के साथ नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष पेशी हेतु भेजा गया। अभियुक्त दयाशंकर रैकवार निवासी इटवा जिला छतरपुर और राममिलन रैकवार चंद्रपुरा के कब्जे से कुल 21 लाख 18 हजार 660 रुपये की नकद बरामदगी की गई। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस अपराधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त एवं त्वरित कार्रवाई कर रही है। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने हेतु पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






