उत्तर प्रदेशकौशांबी

जिलाधिकारी डॉ अमित पाल का रघुनाथपुर में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कड़ा रुख

उच्च प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन की व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

जन एक्सप्रेस/कौशांबी:  सिराथू विकास खण्ड के ग्राम रघुनाथपुर में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं पंचायत भवन का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्तरों पर गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।उच्च प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य अधूरा तथा गेट न लगे होने पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को शीघ्र गेट लगवाने एवं निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में शौचालय की साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर प्रधानाचार्य एवं ग्राम प्रधान को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने नामांकित बच्चों की जानकारी लेते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा मानक के अनुरूप मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। कक्षाओं में निपुण तालिका न लगाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक को तत्काल निपुण तालिका लगाने एवं उसे नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में पोषाहार वितरण न होने तथा ई.सी.सी.ई. गतिविधियों का संचालन न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित सी.डी.पी.ओ. को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने एवं समयबद्ध पोषाहार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।इसके उपरांत पंचायत भवन के निरीक्षण में भवन को जर्जर अवस्था में पाकर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही गांव की नालियों, साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी निर्देश जारी किए।विद्यालय की बाउंड्रीवाल का कार्य अधूरा रहने, गेट न लगाए जाने तथा सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति सहित विभिन्न कार्यों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर ग्राम विकास अधिकारी विनय कुमार चौधरी को तत्काल निलम्बित करने के निर्देश दिए गए। मामले की निष्पक्ष जांच हेतु तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिसमें परियोजना निदेशक, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) को शामिल किया गया है।निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी सिराथू भावेश शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button