उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंरायबरेली

रायबरेली: क्रिकेट खेलते समय दो पक्षों में मारपीट, बैट-ईंट से हमला का वीडियो वायरल

जन एक्सप्रेस/ रायबरेली: रायबरेली जिले से मारपीट का एक सनसनीखेज LIVE वीडियो सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह वीडियो गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के एक खेल मैदान का बताया जा रहा है, जहां क्रिकेट खेलते समय दो पक्षों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रिकेट मैच के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई और फिर जमकर मारपीट में तब्दील हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बैट से हमला कर रहे हैं। इसके बाद हालात और बिगड़ते चले गए और मैदान पर ईंट-पत्थर भी चलाए गए

मारपीट के दौरान खेल मैदान पूरी तरह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर बेरहमी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ दिन पुराना है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरबख्शगंज थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खेल के मैदानों में इस तरह की घटनाएं युवाओं के बीच बढ़ती आक्रामकता को दर्शाती हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के हर फ्रेम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और मारपीट में कितने लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button