Maharajganj: डीएम एसपी ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण
हाई सिक्योरिटी बैरक को जल्द हैंडओवर करने और 24×7 निगरानी के आदेश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने बुधवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सामान्य बैरक, महिला बैरक, कारागार चिकित्सालय, पाकशाला तथा जेल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जेल अधीक्षक को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जमानत, पेशी, गवाही एवं अन्य न्यायिक प्रक्रियाओं के मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय कर बंदियों को आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जेल मैन्युअल के अनुरूप बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं को सुनिश्चित करने तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित अंतराल पर चिकित्सीय जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को सुव्यवस्थित करने और सभी संवेदनशील स्थलों की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हाई सिक्योरिटी बैरक को हैंडओवर की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बृज किशोर गौतम सहित अन्य कारागार अधिकारी उपस्थित रहे।






