उत्तर प्रदेशलखनऊ

अवध में रंगों की बयार: सीएम योगी की शुभकामनाएं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ऊंट पर सवार होकर खेले होली

जन एक्सप्रेस/लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत पूरे अवध और प्रदेशभर में होली का उल्लास चरम पर है। फागुन की मस्ती में सराबोर लोग रंगों और गुलाल के बीच जमकर जश्न मना रहे हैं। चौक-चौराहों से लेकर मंदिरों और मोहल्लों तक ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते नजर आए। फगुआ गीतों की गूंज और डीजे की धुनों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।लखनऊ के साथ-साथ मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर और शामली में भी होली की धूम देखने को मिली। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।फागुन के इस रंगोत्सव पर योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए लिखा कि “रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन पर्व होली की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई।” उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और नई ऊर्जा लेकर आए।
इस बीच लखनऊ के चौक क्षेत्र में आयोजित होली उत्सव में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अनोखे अंदाज में होली खेलकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वे ऊंट पर सवार होकर रंगों की बौछार के बीच लोगों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, विधायक नीरज बोरा और पार्षद अनुराग मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।नवाबों के शहर लखनऊ और रामनगरी में रंगभरी एकादशी से शुरू हुआ रंगोत्सव आज अपने चरम पर पहुंच गया। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ता नजर आया। सामाजिक समरसता और भाईचारे के इस पर्व ने पूरे प्रदेश को एक रंग में रंग दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button