उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में महिला का हत्यारा जेठ हुआ पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी जेठ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी,जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रतापपुर मजरा टिकारी गांव निवासी राजकुमार का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था।इसी विवाद के दौरान उसके छोटे भाई की पत्नी मंजू (25) ने बीच-बचाव किया था।बताया गया कि 13 मार्च की शाम मंजू घर में खाना बना रही थी,तभी गुस्से में पहुंचे राजकुमार ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली मंजू की पीठ में लग गई,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।परिजन उसे तुरंत सीएचसी कछौना लेकर पहुंचे,जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतका के पति रामसेवक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई थीं।देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुठेहना फाटक की ओर से लखनऊ भागने की फिराक में है।पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लग गई,जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button