महराजगंज में गैस कालाबाजारी रोकने को कंट्रोल रूम स्थापित
डीएम के निर्देश पर छापेमारी दल गठित, शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

जन एक्सप्रेस।महराजगंज।जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने तथा कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8423675896 जारी किया गया है, जिस पर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल को बनाया गया है। वहीं उपजिलाधिकारी विजय यादव प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक कंट्रोल रूम का पर्यवेक्षण करेंगे।जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एजेंसी या व्यक्ति के अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। इसके लिए चारों तहसीलों में प्रवर्तन दलों का गठन कर औचक छापेमारी, स्टॉक रजिस्टर और वितरण की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया और विभिन्न चैनलों पर प्रसारित संदेशों व वीडियो पर भी कड़ी नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस सिलेंडर ढोने वाले वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है और पारदर्शिता के लिए ओटीपी के माध्यम से रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं और गैस की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जाएगी। जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से एलपीजी का भंडारण न करें और गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है।
आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च 2026 को जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की 9663 बुकिंग दर्ज हुई, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 11163 थी। 13 मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक 15343 था, जिसमें से 9761 सिलेंडरों का वितरण हुआ। 14 मार्च 2026 को प्रारंभिक स्टॉक 5582 सिलेंडर उपलब्ध है और वितरण सुचारु रूप से जारी है। जनपद में इंडियन ऑयल की 18, भारत पेट्रोलियम की 9 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 20 गैस एजेंसियों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।






