तेज रफ्तार कार का कहर पैदल ग्रामीण व बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत, कई घायल

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धगोपाल का पुरवा, कहेटा माफी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शराब के नशे में बताए जा रहे चार पहिया वाहन चालक ने अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल चल रहे ग्रामीणों और दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पहाड़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पहाड़ी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक शराब के नशे में था, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






