ग़म और खामोशी में मनी ईद: जौनपुर में शिया समुदाय ने काली पट्टी बांध अदा की नमाज़,

जन एक्सप्रेस /जौनपुर:जौनपुर जनपद में इस वर्ष ईद का पर्व शिया समुदाय द्वारा सादगी, ग़म और खामोशी के माहौल में मनाया गया। शहर की विभिन्न मस्जिदों और इमामबाड़ों में लोगों ने अपने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज़ अदा की।इस दौरान न तो पारंपरिक उत्साह देखने को मिला और न ही एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने की परंपरा निभाई गई। समुदाय के लोगों ने पूरी तरह सादगी अपनाते हुए केवल धार्मिक फ़रायज़ अदा किए।जानकारी के अनुसार, शिया धर्मगुरु अयातुल्लाह सैयद अली खामेनई की शहादत के ग़म और अमेरिका-इज़रायल के विरोध के चलते इस बार ईद को प्रतीकात्मक रूप से मनाया गया।शहर के प्रमुख स्थानों—ख्वाजादोस्त मस्जिद, सिपाह, सदर इमामबाड़ा, बलवाघाट, चहारसू, कल्लू इमामबाड़ा, इस्लाम चौक और सदर चुंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से नमाज़ अदा कर ग़म का इज़हार किया।इस मौके पर रिटायर्ड डिप्टी कंट्रोलर शमशीर हसन, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस फैसल हसन तबरेज, पत्रकार अब्बास रिज़वी,शाकिर जैदी, शिक्षक ज़ुहैब हसन, मुजम्मिल ज़ैदी, अधिवक्ता यासिर इमाम, इमरान जैदी, सरवर ज़ैदी, समाजसेवी मैसर हुसैन, अनम हसन, शर्की हसन,पिंकू राजा, अली हसन और सौरव नज़ीर सहित कई लोगों ने एक स्वर में कहा कि इस बार ईद को सिर्फ धार्मिक कर्तव्यों तक सीमित रखा गया है।उन्होंने कहा, “हम अपने रहबर की शहादत के ग़म में दुनियावी खुशियों से दूर रहते हुए केवल इस्लाम के फ़रायज़ अदा कर रहे हैं।”पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, शांति और धार्मिक भावनाओं का विशेष ध्यान रखा गया।






