पत्नी ने प्रेमी से करवाई थी पति की हत्या, कॉल रिकॉर्ड ने खोले राज

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले की कोहंडौर थाने की पुलिस ने थाना इलाके के भावापुर गांव में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। अवैध सम्बन्धों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत का जाल बिछाया था। पुलिस ने हत्याकांड की मुख्य आरोपिता पत्नी पिंकी देवी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि बीते 28 अप्रैल की रात थाना इलाके के भावापुर निवासी विनोद कुमार घर से शौच के लिए निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद उसका शव गांव के कब्रिस्तान के पास मिला। मृतक के भाई ने उसकी पत्नी पिंकी के आचरण पर संदेह जताते हुए हत्या की तहरीर दी थी। जिसके आधार पर थाना कोहंडौर में एक नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि पिंकी देवी पिछले दो वर्षों से गांव के ही बदरे आलम के संपर्क में थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे, जिसकी जानकारी विनोद कुमार को भी हो चुकी थी। इसे लेकर घर में विवाद भी होता था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मृतक की पत्नी पिंकी देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसके पति के साथ मजदूरी करने वाले बदरे आलम से उसके पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। विनोद कुमार को इस बारे में पता चल गया था जिसके चलते अक्सर घर में झगड़ा होता था। पिंकी ने बताया कि 28 अप्रैल की रात प्रेमी बदरे आलम ने विनोद को फोन कर कब्रिस्तान के पास बुलाया। वहाँ पहले से तैयार बदरे आलम ने विनोद को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने पिंकी को सूचना दी। आरोपी महिला ने बताया कि वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहती थी क्योंकि उसे डर था कि पुलिस को सच्चाई पता चल जाएगी। हालांकि परिजनों के दबाव में उसे पोस्टमार्टम के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस की मानें तो काल रिकॉर्ड से शक की सुई जब पत्नी की तरफ घूमी तो मामला परत दर परत खुलता चला गया। एसपी दीपक भूकर के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार व एएसपी ( सीओ सिटी ) प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी धनन्जय राय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ महिला एसआई आरती पटेल, आरक्षी शैलेन्द्र यादव व सबरु यादव शामिल रहे।






