उत्तराखंडटॉप न्यूज़पुरोला

कांग्रेस नेता हरिमोहन जुवाँठा पहुंचे पंथालगांव, ग्रामीणों से सुनी समस्याएं

पुरोला के पंथालगांव पहुंचे कांग्रेस नेता हरिमोहन जुवाँठा

जन एक्सप्रेस उत्तराखंड

पुरोला। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मनरेगा बचाओ अभियान के जिला संयोजक हरिमोहन जुवाँठा ने प्रखंड पुरोला के पंथालगांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव की स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की।

पंथालगांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने हरिमोहन जुवाँठा का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए बढ़ती महंगाई, सड़क डामरीकरण, आवास और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

जनसंवाद के दौरान हरिमोहन जुवाँठा ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में गरीब व्यक्ति का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय गरीब से गरीब व्यक्ति की समस्याओं को सुना जाता था और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाते थे, लेकिन वर्तमान सरकार में आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं, जिसका असर विकास कार्यों पर साफ दिखाई दे रहा है। जुवाँठा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों तक मजबूती से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुरपाल लौथानी, अमित कुमार, मोहनलाल, विजयपाल, बर्फिया लाल, सुरेंद्र, कमलिया, डबली देवी, रीना, सुनैना, अंकित, पदम लाल, जयपाल, बिजमती देवी, विमला देवी, मीणा, सुशीला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कैप्शन: पंथालगांव में ग्रामीणों के साथ जनसंवाद करते कांग्रेस नेता हरिमोहन जुवाँठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button