आजमगढ़उत्तर प्रदेश

भरत तिवारी को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

भरत तिवारी के दोषियों को फांसी देने की उठी मांग

आजमगढ़। सामाजिक सरोकारों और गरीबों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले भरत तिवारी की स्मृति में भारत रक्षा दल द्वारा रैदोपुर तिराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर दिवंगत भरत तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत भरत तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भरत तिवारी के जीवन, उनके संघर्षों, सामाजिक कार्यों और निडर व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के कमजोर, गरीब और पीड़ित वर्गों की आवाज उठाने का कार्य किया था। सभा को संबोधित करते हुए भारत रक्षा दल के धर्मवीर शर्मा ने कहा कि भरत तिवारी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए समर्पित कर दिया था। धर्मवीर शर्मा ने कहा कि जब कोई गलत व्यक्ति दुनिया से जाता है तो उससे जुड़े लोगों का मनोबल टूटता है, लेकिन जब कोई साहसी, त्यागी और संघर्षशील व्यक्ति इस दुनिया को छोड़ता है तो वह अपने पीछे हजारों लोगों को संघर्ष और समाज सेवा की प्रेरणा देकर जाता है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी ने अपने जीवन से एक ऐसी मिसाल कायम की है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनका संघर्ष, निडरता और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का साहस समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और उनके द्वारा शुरू किया गया संघर्ष हमेशा जीवित रहेगा।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भरत तिवारी की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज सेवा और न्याय के लिए उठने वाली आवाज पर हमला है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कठोरतम सजा दी जाए। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और उनकी हत्या में शामिल दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और समाज के हर वर्ग को इस लड़ाई में साथ आना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर भरत तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा में मौजूद लोगों ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने तथा समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि सभा का समापन भरत तिवारी अमर रहें और न्याय दिलाने के संकल्प के नारों के साथ हुआ।

https://youtu.be/PifXGZGwso4?si=i2RGNUxiggvvsQN8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button