उत्तर प्रदेशहरिद्वार

देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति ने लातवियाई राजनयिक से की शिष्टाचार भेंट

जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :   चंद्रप्रकाश बहुगुणा देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने भारत में लातविया दूतावास की उप-मिशन प्रमुख एवं काउंसलर सुश्री इंगा स्क्रूजमाने से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं अकादमिक सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक में सनातन संस्कृति, मूल्य-आधारित शिक्षा, वैज्ञानिक अध्यात्म, युवा नेतृत्व तथा वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि वर्तमान समय में शिक्षा और तकनीक का विकास मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जिम्मेदार, नैतिक और मानव-केंद्रित उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बात पर जोर दिया गया कि एआई का विकास और उपयोग समाज के कल्याण, पारदर्शिता और मानवीय गरिमा को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। इस अवसर पर देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने सुश्री इंगा स्क्रूजमाने को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एआई फॉर डेमोक्रेसी : शेपिंग इंक्लूसिव गवर्नेंस इन द इंटेलिजेंट एज में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में लोकतांत्रिक व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, समावेशी शासन, नैतिक तकनीक और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर विभिन्न देशों के विशेषज्ञ अपने अपने विचार साझा करेंगे। बैठक में भारत और लातविया के बीच अंतर-सांस्कृतिक संवाद, नैतिक नेतृत्व और वैश्विक शांति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। शांतिकुंज मीडिया ने बताया कि इससे भविष्य में शोध, छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान, अकादमिक सहयोग तथा सतत मानव विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button