कौशांबी पुलिस ने लौटाए 121 खोए और चोरी हुए मोबाइल, 25 लाख रुपये के फोन मालिकों को किए सुपुर्द

जन एक्सप्रेस /कौशांबी:- कौशांबी पुलिस ने खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के सभी थानों की पुलिस टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से विभिन्न कंपनियों के कुल 121 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिलेभर में मोबाइल चोरी, गुमशुदगी और स्नैचिंग के मामलों में विशेष अभियान चलाया गया। सर्विलांस टीम और तकनीकी विश्लेषण की मदद से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मोबाइलों की तकनीकी जांच और पहचान पूरी होने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कौशांबी पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस अभियान की सराहना की।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन चोरी हो जाए या गुम हो जाए, तो इसकी सूचना तत्काल सीईआईआर पोर्टल और संबंधित थाने में दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में काफी मदद मिलती है।
मोबाइल बरामदगी के मामले में मंझनपुर थाना 20 मोबाइल बरामद कर प्रथम स्थान पर रहा। सराय अकिल थाना 19 मोबाइल के साथ दूसरे और पश्चिम शरीरा थाना 18 मोबाइल बरामद कर तीसरे स्थान पर रहा।
इस अभियान की जानकारी देते हुए एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और आधुनिक तकनीक के जरिए अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से सीईआईआर पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की।






