utrakhandपिथौरागढ़पिथौरागढ़

बारिश से हुए नुकसान पर डीएम को सौंपा ज्ञापन, राहत और मरम्मत की उठाई मांग

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र में हाल की भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर जिला पंचायत सदस्य ऋतिक पांडे ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत, मरम्मत और सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।

जिला पंचायत सदस्य थल ऋतिक पांडे ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई को दिए ज्ञापन में बताया कि भारी बारिश के कारण राजकीय प्राथमिक विद्यालय माछीखेत के पीछे से भारी मात्रा में मलबा आने से विद्यालय की दीवार और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल निरीक्षण और मरम्मत कार्य कराने की मांग की।

इसके अलावा पिपलतड़-मुवानी झूला पुल भी अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो गया है। यह पुल छह ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल की खराब स्थिति से लोगों की आवाजाही और सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में पुल का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत पुरानाथल, अमतड़, थल, वरसायत, धौलकटिया सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते करीब 10 मकान और कई सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई घरों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ऋतिक पांडे ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, नुकसान का सर्वेक्षण कराने, नियमानुसार आर्थिक सहायता देने और जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने की मांग की।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ज्ञापन पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button