कांग्रेस-BJP को बोलने दिया, हमें क्यों नहीं?’ लोकसभा में स्पीकर से भिड़े अखिलेश यादव

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- लोकसभा में नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा को लेकर बुधवार को उस समय तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जब समाजवादी पार्टी प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव स्पीकर ओम बिरला से नाराज हो गए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सदन में कांग्रेस और बीजेपी को बोलने का मौका दिया गया, लेकिन समाजवादी पार्टी को नहीं।
अखिलेश यादव ने स्पीकर से कहा कि “आपने कांग्रेस को बोलने दिया, बीजेपी को बोलने दिया… क्या आपने समझौता कर लिया है? हमें क्यों नहीं बोलने दिया?” उन्होंने कहा कि यह किसी एक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों का मुद्दा है और सभी दल उनके लिए लड़ रहे हैं।
सपा प्रमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों की आवाज नहीं सुनी गई तो उनकी पार्टी सड़कों पर भी उतरने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया और सरकार ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।
इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जवाब देते हुए कहा कि सभी दल चर्चा चाहते हैं और सरकार भी चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इस तरह सदन की गैलरी में खड़े होकर चर्चा नहीं हो सकती। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न दलों के बीच के विवाद को वे अध्यक्षीय आसन से नहीं सुलझा सकते।
अखिलेश यादव ने विपक्ष के प्रधानमंत्री आवास तक मार्च का भी जिक्र किया और कहा कि अगर सरकार सदन में विपक्ष की बात सुन लेती, तो उन्हें प्रधानमंत्री आवास तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती। वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दोहराया कि सरकार नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।






