UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

बदहाल सड़क से परेशान छात्रा ने लगाई डीएम से गुहार, बोली- साहब गांव की सड़क बनवा दीजिए

 

रिपोर्ट-प्रतुल कुमार अग्निहोत्री

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अन्ना गांव की कक्षा तीन की 10 वर्षीय छात्रा गुलशन का जिलाधिकारी से गांव की सड़क बनवाने की अपील करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। करीब 16 सेकंड के वीडियो में छात्रा कहती है, “डीएम साहब, हमारे गांव की सड़क बनवा दीजिए। मुझे स्कूल जाने में काफी दिक्कत होती है।” मासूम छात्रा की यह अपील गांव की बदहाल सड़क की समस्या को सामने ले आई है।

गुलशन लमकन गांव स्थित विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती है। उसके पिता प्रवीन राजपूत हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अन्ना गांव का करीब 750 मीटर लंबा मुख्य मार्ग बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव से जूझता है। यह मार्ग डामर रोड को महितापुर गांव से जोड़ता है और अन्ना सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण वर्ष 2006 में जिला पंचायत सदस्य महादेव राजपूत ने कराया था। इसके बाद सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। बारिश होते ही मार्ग की हालत खराब हो जाती है। कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं बुजुर्गों और बाइक सवारों को भी आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अन्ना गांव की आबादी करीब 2400 है। इसके अलावा महितापुर, बेहटाहरी, रामपुर, लमकन, कर्ता, दिशापुरवा, सेमरिया और ऐडा समेत कई गांवों के लोग भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

छात्रा की डीएम से सड़क बनवाने की अपील का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि अब जिम्मेदार अधिकारी समस्या का संज्ञान लेंगे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मौके का निरीक्षण कराकर जर्जर मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों को बारिश के दिनों में आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।

https://youtu.be/64wg6BuVASs?si=TtGdfLqW9c96gq6_

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button