पूर्व सैनिक ने साले को लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली
प्रतापगढ़ में इलाज के दौरान मौत
जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पारिवारिक विवाद के चलते गोलीबारी का मामला सामने आया है। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में एक पूर्व सैनिक ने अपने साले को कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पत्नी और बच्चों को लेकर हुआ था पारिवारिक विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव, पुत्र गया प्रसाद यादव, की बहन प्रियंका का विवाह अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर निवासी कपिल यादव से हुआ है। बताया जा रहा है कि कपिल यादव और उसकी पत्नी प्रियंका के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका और उसके दोनों बच्चों को ससुराल से अपने घर मदाफरपुर बाजार ले आए थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर कपिल यादव नाराज था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह मदाफरपुर बाजार पहुंचा, जहां उसका अपने साले देवेन्द्र यादव से सामना हुआ।
बाजार में दिनदहाड़े गोलीबारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपिल यादव ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से देवेन्द्र यादव को गोली मार दी। दिनदहाड़े बाजार में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद देवेन्द्र यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी कपिल यादव को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ ने आरोपी को लाठी-डंडों से पीटा और उसे रस्सी से बांधने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने भीड़ से आरोपी को छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही कोहड़ौर थाने की पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी कपिल यादव को भीड़ के कब्जे से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। भीड़ की पिटाई में आरोपी भी घायल हुआ, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
इलाज के दौरान देवेन्द्र की मौत
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र यादव को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव को उनके सगे जीजा कपिल यादव ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पूर्व सैनिक है आरोपी
एसपी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपी कपिल यादव पूर्व सैनिक है और वर्तमान में जिला अस्पताल, सुल्तानपुर में गार्ड के पद पर कार्यरत बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गोलीबारी में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल को लेकर भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।






