उत्तर प्रदेशमहराजगंज

Gen Z के आदर्श रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद हों

सिसवा बाजार में सोमवार को आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम युवाशक्ति

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज।  रिपोर्ट -आदित्य पटवा

सिसवा बाजार में सोमवार को आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम युवाशक्ति, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महराजगंज के तत्वावधान में ब्लॉक रोड स्थित विराज रिसोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सहभागिता को लेकर युवाओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “Gen Z के आदर्श रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और अशफाकउल्ला खान जैसे महान राष्ट्रभक्त होने चाहिए।” उन्होंने कहा कि इन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम से देश के सामने प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया। आज की युवा पीढ़ी को भी उनके जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

युवा देश की वर्तमान शक्ति भी हैं

रमेश ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देश की दिशा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान देना चाहिए। भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्य वक्ता ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के सामने तकनीक और आधुनिक अवसरों के साथ कई सामाजिक चुनौतियां भी हैं। ऐसे में युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझना होगा। जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए।

सही दिशा मिलने पर युवा शक्ति बनेगी परिवर्तन का माध्यम

कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरव अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय का युवा प्रतिभा, सामर्थ्य और ऊर्जा से भरपूर है। जरूरत इस बात की है कि इस ऊर्जा को सही दिशा और सकारात्मक उद्देश्य मिले। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक सिद्धार्थनगर राजीव नयन, सह विभाग प्रचारक अजीत, जिला प्रचारक विनय, सह जिला प्रचारक रोहित, सह विभाग कार्यवाह शिवाकांत, जिला कार्यवाह शिव चरण, सह जिला कार्यवाह अनिल, जिला संपर्क प्रमुख विमल, अभियान सह संयोजक रंजीत, नगर विस्तारक श्रवण, नगर कार्यवाह अमित पुरी, सह नगर कार्यवाह योगेश जायसवाल, नगर प्रचार प्रमुख कौशलेन्द्र, खंड कार्यवाह सुनील, खंड संघचालक रामबचन और साधु शरण समेत अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे। इसके अलावा ज्योतिष मणि त्रिपाठी, इंजीनियर नीरज तिवारी, शशिकला सिंह, धीरज तिवारी, अस्तित्व सिंह, कृष्णमुरारी सिंह, गिरिजेश जायसवाल, भगवान दास, मनीष, अनूप, आशुतोष भालोटिया, एनबी पाल, ओ.ए. जोसफ और नमित भालोटिया सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम को विशेष बनाया।

युवाओं में दिखा उत्साह

‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के दौरान युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी और उनका उत्साह प्रमुख आकर्षण रहा। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर हुए संवाद ने प्रतिभागियों को नई दिशा देने का प्रयास किया।आयोजकों के अनुसार, सिसवा बाजार में आयोजित यह कार्यक्रम युवाशक्ति के जागरण और राष्ट्रभावना से जुड़े विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा। कार्यक्रम में युवाओं से अनुशासन और संस्कार के साथ समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

https://youtu.be/K-O8TyygRDI?si=lLQEDCvJiMX3uLgl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button