बारिश में भरभराकर गिरी मिट्टी की दीवार, मलबे में दबकर मां-बेटी की दर्दनाक मौत
शाहगंज के राजापुर सहावें गांव में हादसे से मचा हड़कंप, 12 वर्षीय छात्रा की मौत से गांव में पसरा मातम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के राजापुर सहावें गांव में बुधवार दोपहर भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। रिहायशी छप्पर की पुरानी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 46 वर्षीय ज्ञानती देवी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अंब्रिका की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी बिंद राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर परिवार के लोग घर पर थे। इसी दौरान पुरानी मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई और ज्ञानती देवी व उनकी बेटी अंब्रिका मलबे के नीचे दब गईं। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और आनन-फानन में मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।हादसे में दूसरी बेटी कोमल ने भागकर अपनी जान बचा ली। मृतका अंब्रिका गांव के विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।ग्रामीणों के मुताबिक दीवार काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। लगातार बारिश के बीच मिट्टी कमजोर होने से हादसा होने की आशंका बढ़ गई थी। ग्रामीणों ने जर्जर मकानों और मिट्टी की दीवारों को लेकर प्रशासन से समय रहते सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों की मदद किए जाने की मांग की है।बारिश बनी आफत, एक ही झटके में उजड़ गया परिवार—मां के साथ मासूम बेटी की मौत ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया।






