वायरल

डीएम व एसपी ने राजकीय इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों से किया संवाद, पूर्ण मनोयोग से अध्ययन कर जीवन मे सफल होने हेतु किया प्रेरित

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :– डीएम अनुनय झा एवं एसपी अशोक कुमार मीणा ने राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर बातचीत करते हुए उनकी जिज्ञासाओं और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया।जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। जिलाधिकारी ने छात्रों से कहा कि यदि कोई समस्या हो तो सर्वप्रथम सम्बन्धित अधिकारी के संज्ञान मे लाते हुये उसका निस्तारण कराये। उन्होंने छात्रों को गुड सेमेरिटन योजना के विषय मे बताते हुये कहा कि योजना के अन्तर्गत सड़क दुर्घटनाओं मे घायल होने वालों की मदद करने वाले नागरिकों को पच्चीस हजार रूपये की सहायता राशि दिये जाने का प्रावधान है। उन्होंने राजस्व व्यवस्था की प्रणाली, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन आदि के विषय मे विस्तार पूर्वक जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी छात्र अत्यन्त प्रतिभावान है, इसलिये सभी को पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करते हुये अपने जनपद का नाम रोशन करने हेतु प्रयास करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस व्यवस्था के विषय मे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से पालन करने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर सवाल किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों का सरलता से जवाब देते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान पढाई मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के अन्त मे जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 अरविन्द कुमार पाठक ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्राचार्य डायट रामेन्द्र कुमार, प्राचार्य जीआईसी श्याम नारायण, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button