UP POLICEउत्तर प्रदेशलखनऊ

आयुष इंटर्न का प्रदर्शन, पुलिस की चेतावनी वायरल

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : लखनऊ के GPO पार्क और गांधी प्रतिमा पर आयुष इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है. इसी दौरान प्रदर्शन स्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारी छात्रों को सख्त चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। अधिकारी वीडियो में कहते हुए सुनाई दे रहे हैं- “सब पर मुकदमा लिखा जाएगा… भूल जाओगे डॉक्टरी।”

वीडियो में पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कथित तौर पर कड़े लहजे में बात करते दिखाई दे रहे हैं। वह प्रदर्शनकारियों को मुकदमा दर्ज किए जाने की चेतावनी देते हैं। अधिकारी की इस सख्त बात के बाद वहां मौजूद डॉक्टरों ने कोई हंगामा नहीं किया, बल्कि शांत रहते हुए एक साथ कहा- “थैंक यू सर!”

 

डॉक्टरों और पुलिस अधिकारी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रदर्शन के साथ-साथ पुलिस अधिकारी की चेतावनी भी चर्चा का विषय बन गई है।

25 हजार स्टाइपेंड की मांग को लेकर प्रदर्शन
दरअसल, आयुष इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें फिलहाल 7,500 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जा रहा है. उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पतालों में मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई काम करते हैं। बढ़ती महंगाई के बीच 7,500 रुपये की राशि उनके लिए पर्याप्त नहीं है।

कार्रवाई की चेतावनी के बाद बढ़ी चर्चा
प्रदर्शन के बीच पुलिस अधिकारी की कथित सख्त चेतावनी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। एक तरफ डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से कार्रवाई की चेतावनी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फिलहाल आयुष इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है और वे 25 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड की मांग पर अड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button