उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़हरदोई

पत्नी ने पति पर नाक काटने का लगाया आरोप, पति की मां बोली—बहू ने बेटे के गुप्तांग में काटा

जन एक्सप्रेस/हरदोई। सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाहिता ने अपने पति पर चाकू से नाक काटने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर पति की मां ने बहू पर बेटे के गुप्तांग में दांत से काटकर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मोहल्ला मुंशीगंज निवासी कार चालक दीपक का विवाह वर्ष 2016 में सुरसा थाना क्षेत्र निवासी साधना के साथ हुआ था। दंपती की तीन बेटियां हैं। साधना ने आरोप लगाया कि पुत्र न होने को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते थे। महिला के मुताबिक, गुरुवार शाम उससे मछली बनाने को कहा गया था, जिसको लेकर उसने असहमति जताई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
साधना का आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पति दीपक, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे और पति ने चाकू से उसकी नाक काट दी। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दूसरी तरफ से भी गंभीर आरोप
इधर, दीपक की मां शशि ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बहू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शशि का आरोप है कि साधना करीब डेढ़ महीने पहले एक युवक के साथ चली गई थी और गुरुवार शाम वापस लौटी थी। आरोप के मुताबिक, विवाद के दौरान साधना ने दीपक के गुप्तांग में दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। शशि ने यह भी आरोप लगाया कि साधना ने स्वयं अपना सिर चबूतरे पर पटककर चोट पहुंचाई।
पुलिस ने पति का किया चालान, जांच जारी
थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा के मुताबिक, मामले में आरोपी दीपक का चालान किया गया है। पुलिस के अनुसार, विवाहिता करीब डेढ़ महीने पहले रिश्ते में चाचा लगने वाले एक युवक के साथ चली गई थी और बाद में आपसी समझौते के बाद वापस आई थी। पुलिस का कहना है कि वापस आने के बाद साधना ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया था।थानाध्यक्ष के अनुसार, विवाहिता की ओर से अभी तक कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button