छात्राओं ने पूछे कैरियर से जुड़े सवाल, सीडीओ ने बताए सफलता के रास्ते

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई में श्री वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को कैरियर मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने छात्राओं से संवाद कर उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कक्षा 10 और 12 से ही लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध एवं नियमित तैयारी करने का आह्वान किया।
सीडीओ ने यूपीएससी और यूपीपीएससी की परीक्षाओं के स्वरूप, चरणों और तैयारी की रणनीति समझाते हुए कहा कि विषय का चयन रुचि, क्षमता और विषय पर पकड़ के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने अच्छे संस्थानों में इंटर्नशिप और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने पर भी जोर दिया।
अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रदीप पाल ने इंजीनियरिंग के डिग्री-डिप्लोमा पाठ्यक्रमों और तकनीकी शिक्षा के बाद रोजगार व प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसरों की जानकारी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद पाठक ने शिक्षक बनने की योग्यता व प्रक्रिया के साथ एलएलबी और न्यायिक सेवाओं से जुड़े कैरियर विकल्प बताए।
संवाद के दौरान छात्राओं ने पॉलीटेक्निक, व्यावसायिक पाठ्यक्रम, नीट, चिकित्सा, एलएलबी और जीव विज्ञान के बाद उपलब्ध विकल्पों को लेकर सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए रुचि और क्षमता के अनुरूप कैरियर चुनने की सलाह दी।
सीडीओ ने विद्यालयों में नियमित कैरियर काउंसलिंग कराने पर जोर दिया। उन्होंने डीआईओएस को सीए, कंपनी सेक्रेटरी समेत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को बुलाकर विषयवार काउंसलिंग व संवाद सत्र आयोजित कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गीता शुक्ला, प्रबंधक मनोज अग्रवाल, शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।






