CrimeUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य खबरेंहरदोई

बारिश में कच्ची दीवार गिरी, चार भैंसों की मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोईकोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के ग्राम पिपरी में लगातार हो रही बारिश के चलते बीती रात करीब दो बजे एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दीवार के पास बंधी चार भैंसें मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक के परिवार में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरी निवासी छुना पुत्र राजेंद्र यादव पशुपालन का कार्य करते हैं। लगातार बारिश के कारण उनके मकान व पशु बांधने के स्थान की कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। बताया गया कि बीती रात करीब दो बजे बारिश के बीच अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे की चपेट में वहां बंधी चार भैंसें आ गईं।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर भैंसों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों भैंसों की मौत हो चुकी थी। एक साथ चार पशुओं की मौत से पशुपालक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजनों के मुताबिक पशुओं की मौत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांवों में कच्चे मकानों और दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button