शिक्षक दंपती मुकेश-विनीता को शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि, हत्याकांड पर जताया आक्रोश

जन एक्सप्रेस /सुल्तानपुर :- कादीपुर क्षेत्र में शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या के विरोध में गुरुवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, सुल्तानपुर शाखा की ओर से शहर के राजीव गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में जुटे शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने दिवंगत शिक्षक दंपती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शिक्षकों ने नम आंखों और रूंधे गले से अपने साथी शिक्षकों को याद किया। सभा में घटना की निंदा करते हुए जिला प्रशासन से हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक दंपती की हत्या की घटना ने शिक्षक समाज को झकझोर दिया है और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक संघ के नेता रमेश तिवारी, रणवीर सिंह, निजाम खान, शमीम अहमद, सुतिक्षण तिवारी, त्रिभुवन पांडेय, मोहम्मद हसीब, राकेश तिवारी, दिनेश चंद्र, राहुल तिवारी, राष्ट्रवादी मालती सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।






