सड़क सुरक्षा को लेकर निबंध व पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड टोडरपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय सहरूआ में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
छात्र-छात्राओं ने अपनी लेखनी और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, सड़क पर सावधानी बरतने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित आवागमन का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग और लिखे गए निबंधों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश देखने को मिला।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनके माध्यम से यह संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाना रहा। विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों से बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सुरक्षित आवागमन की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।






