जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती दीपाली भार्गव के मार्गदर्शन में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के लिए नामित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम व द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरदोई में शुरू हुआ। एडीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया।
उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने, प्रश्नावली भरने का पर्याप्त अभ्यास करने तथा सभी शंकाओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के जिला प्रभारी विनय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
फील्ड ट्रेनर्स तहसील व नगर निकाय स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति की 40 प्रश्नों वाली प्रश्नावली भरेंगे। 5 से 9 जनवरी तक रिवीजनल राउंड होगा। वहीं 4 जनवरी की रात बेघरों की गणना की जाएगी। स्वगणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर 2026 तक वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रहेगी।






