CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, आठ तमंचे बरामद

यूपी से अवैध हथियार लाकर उत्तराखंड में बेचने की थी योजना, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में लगी गोली

जन एक्सप्रेस /दिनेशपुर :- ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों उत्तर प्रदेश से अवैध तमंचे लेकर उत्तराखंड आ रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आठ अवैध तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि उत्तर प्रदेश से अवैध असलहों की बड़ी खेप लेकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से महतोष-मकरन्दपुर मार्ग होते हुए दिनेशपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना पर एसओजी रुद्रपुर एवं थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों फायरिंग करते हुए गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनोज कुमार नाम के आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (22) और अनमोल यादव (20), निवासी ग्राम चंदायन, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर नाम के व्यक्ति से तमंचे लेकर आए थे। उन्हें पांच हजार रुपये प्रति तमंचे के हिसाब से खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की योजना थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में भी थे। पुलिस ने बताया कि बंटी कोली पूर्व में एक मुठभेड़ में घायल हुआ था और वर्तमान में जेल में बंद है। पूछताछ में मनोज कुमार के पूर्व में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, अनमोल यादव के संबंध में पुलिस को वर्ष 2023 के हत्या के मामले में जेल जाने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के सात देशी तमंचे, 32 बोर का एक देशी तमंचा, 315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दिनेशपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई करने वाले लोगों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई रविन्द्र सिंह बिष्ट प्रभारी एसओजी रुद्रपुर, पंकज कुमार थानाध्यक्ष दिनेशपुर, एसआई अर्जुन सिंह चौकी प्रभारी जयनगर, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह थाना दिनेशपुर, कांस्टेबल गोविन्द आर्या थाना दिनेशपुर, कांस्टेबल राजेन्द्र कश्यप एसओजी रुद्रपुर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button