जन एक्सप्रेस
लखनऊ। प्रति वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को ‘अक्षय नवमी’ मनाई जाती है। अक्षय नवमी को ‘आंवला नवमी’ भी कहा जाता है।
ऐसा माना जाता है कि इस दिन आंवला के पेड़ की विधिवत पूजा करने के साथ सपरिवार पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है और हर रोग, दोष और भय से छुटकारा मिल जाता है। ऐसे में ‘अक्षय नवमी’ पर आंवला वृक्ष की पूजा करना बहुत शुभ माना जाता है।
इसी क्रम में विगत वर्षों की भांति इस बार भी, आशियाना स्थित स्मृति उपवन पार्क में बुधवार को शुभ मुहूर्त में प्रातः 10.30 पर रुचि खंड प्रथम कॉलोनी की आवासीय महिलाओं श्रीमती सुषमा शुक्ला, सारिका दीक्षित, सीमा त्रिपाठी, संध्या तिवारी विनीता यादव, रेखा वर्मा, कुमकुम मिश्रा व अंजू यादव ने आंवला वृक्ष के नीचे साफ-सफाई करके विधि विधान से आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
अक्षय नवमी के दिन आंवला के वृक्ष की पूजा का विधान है। मान्यता है कि इस दिन आंवले की पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।
शुभ मुहूर्त में इन महिलाओं ने चंदन, हल्दी-कुमकुम से आंवले वृक्ष की पूजा की। तत्पश्चात आंवले के पेड़ में गाय का दूध अर्पित किया। इसके बाद, आंवले के पेड़ की परिक्रमा की। साथ ही, पेड़ के तने में 8 बार कच्चा सूत/मौली लपेटा। पूजन के बाद अक्षय नवमी की कथा पढ़ी। इसके बाद आंवला पेड़ के नीचे ही अपने-अपने घर से लाया हुआ मिष्ठान/भोजन को पहले ब्राह्मण को खिलाकर आपस मे मिल-बांट कर ग्रहण किया।
कहते हैं, आंवला वृक्ष के नीचे भोजन करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्त की मनोकामना पूरी करते हैं।
मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक भगवान विष्णु का आंवले के पेड़ में वास होता है। यही कारण है कि, अक्षय नवमी के दिन विधि-विधान से आंवला के पेड़ की पूजा की जाती है।
ऐसी मान्यता भी है कि, अगर कोई महिला संतान प्राप्ति के लिए यह व्रत रखती है, तो उसकी इच्छा भगवान जरूर पूरी करते हैं। इसके अलावा अक्षय नवमी की तिथि के दो दिन बाद ही सृष्टि के पालनहार श्रीहरि योगनिद्रा से जागते हैं। जिसके चलते इसका महत्व बढ़ जाता है।

इसी प्रकार, सीतापुर रोड स्थित प्रियदर्शिनी योजना के आदर्श पार्क में आज अक्षय नवमी के दिन कालोनी की आवासियों ने आंवला वृक्ष का पूजन विधि-विधान से किया और वृक्ष के नीचे ही विभिन्न पकवानों का भोजन करते हुए विष्णु भगवान से समग्र कल्याण की प्रार्थना किया।
इससे पूर्व आज प्रातःकाल आदर्श पार्क स्थित आंवला वृक्ष के नीचे कालोनी की आवासी महिलाएं श्रीमती रंजना गुप्ता, शशि सिंह, कुसुम यादव, रेखा शुक्ला, निरुपमा पाण्डेय, ऊषा प्रसाद, पूनम गुप्ता, शैलजा सिंह, गौरी सिंह आदि समेत कन्याएं श्रेया, शान्वी व आश्वी एकत्र हुईं और वृक्ष के चारो ओर ऐपन से रंगोली बनायीं। बाद में शुभ मुहूर्त पर सबने भजन-कीर्तन करते हुए विष्णु भगवान का स्मरण करके आंवले से बने कई भोज्य पदार्थ सहित अपने-अपने घरों से लाए विभिन्न पकवानों का भोग लगा कर ब्राह्मण को भोजन करा कर स्वयं प्रसाद ग्रहण किया।






