वायरल

कांग्रेस पर अपना वोट बर्बाद न करें

उत्तर प्रदेश:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के लोगों से कांग्रेस पर अपना वोट बर्बाद न करने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि अगर वह केंद्र में सत्ता में होती तो भारत की सीमाएं सुरक्षित नहीं होतीं, ना ही अनुच्छेद 370 निरस्त होता और ना ही अयोध्या में राम मंदिर बनता। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कुल्लू, मंडी और ऊना जिलों में चुनावी रैलियों में आदित्यनाथ ने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता में होती तो देश नरेंद्र मोदी नीत सरकार द्वारा कोविड संकट के कुशल प्रबंधन से चूक जाता और करोड़ों भारतीयों को मुफ्त टीके नहीं मिले होते।
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होना है, जहां कांग्रेस सत्ता में वापसी का प्रयास कर रही है। आदित्यनाथ ने पूछा कि क्या हिमाचल प्रदेश में ‘हर घर नल’ योजना लागू होती? क्या कांग्रेस कोविड के दौरान मुफ्त टीके और मुफ्त राशन दे पाती? योगी ने कहा, ‘‘जब कांग्रेस यह सब नहीं कर सकती और न ही आपके स्वास्थ्य की देखभाल कर सकती और न ही अच्छा शिक्षण संस्थान दे सकती है या यहां एम्स या आईआईटी स्थापित कर सकती है…तो कांग्रेस पर वोट क्यों बर्बाद करें।’’

आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य आधा से ज्यादा हो चुका है और वर्ष 2023 के अंत तक भव्य मंदिर तैयार होने के साथ 500 साल का इंतजार खत्म हो जाएगा। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और मजबूत नेतृत्व को दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों से कहा कि ‘‘कांग्रेस का वैसे ही बोरिया-बिस्तर बांधकर भेजें जैसे उत्तर प्रदेश ने इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनावों में किया था।’’

आदित्यनाथ ने उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ और 403 विधानसभा सीट हैं। इसमें से कांग्रेस के पास कितनी सीट हैं?’’ जवाब आया ‘दो।’ उन्होंने कहा, ‘‘जब उत्तर प्रदेश जैसे राज्य ने उनका बोरिया बिस्तर बांध दिया, तो हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।’’ आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी नीत सरकार में देश विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ रहा है और दुनिया की कोई भी समस्या बिना उसकी भागीदारी के हल नहीं हो सकती है।’’

आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को ‘‘बहादुरों की भूमि’’ बताते हुए सराहना की क्योंकि राज्य के कई युवा सशस्त्र बलों में हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दुश्मन अपनी मर्जी से आतंकी गतिविधियों को अंजाम देते थे, लेकिन अब उन्हें पता है कि उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी इसी राज्य से हैं।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button