विदेश

पंजाब के चुनाव टले, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मतदान

इस्लामाबाद । जल्दी चुनाव कराने के लिए पाकिस्तान के पंजाब व खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में अपनी सरकारें गिराकर विधानसभा भंग कराने वाले पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तान चुनाव आयोग ने एक और झटका दिया है। आयोग पंजाब के चुनाव फिलहाल टालते हुए खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आठ अक्टूबर को मतदान कराने का एलान किया है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार गिराए जाने के बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सत्ता वाली पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय विधानसभाओं को भी भंग कर नए चुनाव की मांग की गयी थी। इस पर पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने नियमों के तहत पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा राज्यों में जल्द प्रांतीय चुनाव कराने का आदेश दिया था। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 30 अप्रैल तक चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों को कुछ समय के लिए टालने का फैसला किया था।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की लगातार मांग के बावजूद पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने पंजाब के चुनाव फिलहाल टाल दिये हैं। चुनाव आयोग ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चुनाव की तारीख का एलान कर दिया। एलान के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा के प्रांतीय चुनाव के लिए 8 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे। इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी गयी है। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर ने 28 मई को चुनाव होने की बात कही थी। हालांकि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गवर्नर ने चुनाव आयोग से अपील की थी कि राज्य में 8 अक्तूबर तक चुनाव ना कराए जाएं।

चुनाव आयोग के इस फैसले को इमरान खान की पार्टी के लिए झटका माना जा रहा है जो पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में जल्द चुनाव कराने की मांग कर रही है। इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने चुनाव टाले जाने पर नाखुशी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button