स्वार सीट पर सपा का आरोप, पुलिस नहीं डालने दे रही वोट

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरोप लगाया है कि रामपुर की स्वार विधानसभा सीट पर पुलिस मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में मतदाताओं को वोट नहीं डालने दे रही है।
सपा ने ट्वीट किया है कि स्वार विधानसभा क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र टांडा, दढ़ियाल, लंबाखेड़ा, अकबराबाद, रसूलपुर, फरीदपुर, खेमपुर, मिलक काज़ी में मुस्लिम मतदाताओं को पुलिस के द्वारा वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। बार-बार आईडी चेक करने के नाम पर परेशान किया जा रहा है। मतदाताओं को पुलिस पीट रही है।
स्वार से सपा उम्मीदवार अनुराधा चौहान ने अधिकारियों से निष्पक्ष रूप से मतदान कराने की गुहार लगाई है। समाजवादी पार्टी ने भी निर्वाचन आयोग से इस मामले को संज्ञान में लेने का अनुरोध किया है।
स्वार और छानबे में मतदान जारी
उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले की स्वार विधानसभा सीट और मीरजापुर जिले की छानबे सुरक्षित सीट पर उप चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से जारी है। छानबे क्षेत्र से हिन्दुस्थान समाचार के प्रतिनिधि ने बताया कि जिगना प्राथमिक विद्यालय चेहरा के बूथ संख्या 408 की ईवीएम खराब होने से वहां मतदान कुछ विलंब से प्रारम्भ हुआ।






