बीएसए के औचक निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति रही आधी, शिक्षक लापता
अव्यवस्थाओं पर मांगा स्पष्टीकरण,अनुपस्थित शिक्षकों की होगी वेतन कटौती

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बाराबंकी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय शनिवार को जनपद के दो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सहित विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर संबंधित मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बीएसए श्री पांडे सर्वप्रथम साढ़े 11 बजे बनिकोदर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय असेना पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक नरेंद्र कुमार वर्मा बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित मिले। जिनका एक दिन का वेतन रोक कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यहां विद्यालय में 264 पंजीकृत बच्चों में से मात्र 73 बच्चे ही विद्यालय में उपस्थित मिले। यहां पुस्तकों का वितरण भी नहीं किया गया था। साथ ही कुछ बच्चों ने ड्रेस भी नहीं पहनी थी।

यह सब देखकर बीएसए ने संबंधित शिक्षक को तत्काल बच्चों से जुड़ी समस्या का समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। इसके उपरांत श्री पांडेय ने दरियाबाद विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय दरियाबाद प्रथम का निरीक्षण किया। यहां भी 54 बच्चों के सापेक्ष मात्र 28 बच्चे विद्यालय में उपस्थित मिले। यहां का नजारा अजीबो गरीब था। बच्चे घूम रहे थे, जबकि शिक्षक स्टाफ रूम में मौजूद थे। श्री पांडेय के यहां निरीक्षण के दौरान समय सारणी प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रस्तुत नहीं कर पाए। जिसके बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापक से तीन दिवस में स्पष्टीकरण मांगा है। यहां के निरीक्षण के उपरांत भी ऐसे श्री पांडेय दरियाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। जहां 100 छात्राओं के साथ 135 छात्राएं उपस्थित थी। यह बीएसए ने संबंधित महत्व को पंजीकृत छात्रों के हिसाब से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। पूरेडलई विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय अजयमऊ के निरीक्षण के समय प्रभारी प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश गौतम विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। और यहां पंजीकृत 110 बच्चों के सापेक्ष 49 बच्चे विद्यालय में उपस्थित मिले। यहां निरीक्षण के समय क्लास खाली थे और स्टाफ कक्षाओं के स्थान पर स्टाफरूम में मौजूद था।

रसोईघर का निरीक्षण के दौरान बच्चों का खाना चूल्हे पर पकता पाया गया। कार्यालय में आयरन की गोलियों का भंडारण भी पाया गया। जोकि जून 2023 में एक्सपायर हो चुकी थी।यहां श्री पांडेय ने विभागीय कार्यो में लापरवाही बरतने, मध्यान भोजन चूल्हे पर बनाने आदि के संबंध में प्रधानाध्यापक सहित स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद श्री पांडेय ने इसी विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय जीवन का निरीक्षण किया। जहां पर नामांकन 254 बच्चों का था। जबकि निरीक्षण के समय 95 बच्चे उपस्थित थे। अंत में बीएसए श्री पांडेय लगभग एक बजकर तीस मिनट पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पूरेडलई पहुंचे।
निरीक्षण के समय वार्डन मीना सिंह, पूर्णकालिक शिक्षिका शोभा पांडेय, विजयलक्ष्मी तथा अंशकालिक शिक्षिका सुमन पाल अनुपस्थित पाई गई। यहां बच्चों की नामांकन संख्या 100 के सापेक्ष 60 छात्राएं उपस्थित मिली। बीएसए ने अनुपस्थित वार्डन सहित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही उपस्थित स्टाफ से आगामी नेट परीक्षा के लिए बच्चों की तैयारी कराने तथा उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।






