उत्तर प्रदेश

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और समस्या स्वीकार न करना बनेगा सरकार के पतन का कारण: अखिलेश

बांदा । रणनीति बनाने में हम लोग कामयाब नहीं होंगे तब तक बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। मुझे उम्मीद है जिस तरह से महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार है और सरकार का समस्या न स्वीकार करना, इनके पतन का कारण बनेगा।

यह बातें गुरुवार को बुंदेलखण्ड के बांदा जनपद में लोक जागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।

अखिलेश ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल दागे। उन्होंने कहा कि ये लोग अधिकारियों से मिलकर सरकार चला रहे। ये जो अधिकारी हैं बदल जाते हैं। जब दूसरी सरकार आएगी तो उनके पीछे मुकदमे लगा देंगे। मुख्य सवाल ये है कि इस सरकार में अन्याय बढ़ा है।

बुलडोजर कार्यवाही पर अखिलेश ने कहा कि उसमें दिमाग नहीं होता, स्टेयरिंग होता है। लखनउ की राजधानी में वर्तमान में सबसे ज्यादा भाजपा के लोगों की बहुमंजिला इमारतें अवैध रूप से बनाई गई हैं। अगर दो छत का घर अवैध हो सकता है तो उन बिल्डिंगों को गिराए जाने पर क्या स्थिति होगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई घर परिवार ऐसा नहीं है जिसने महाभारत ना पढ़ा हो या रामायण के बारे में ना जानता हो। मणिपुर की दो तस्वीरें आईं, कारगिल का युद्ध करने वाले जवान के परिवार की महिला के साथ जो घटना हुई, हमारी संस्कृति कभी इन चीजों को स्वीकार नहीं कर सकती है। इसका दोषी अगर कोई है तो भाजपा की विभाजनकारी राजनीति।

अखिलेश ने लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मिलकर उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटें जीतने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button