
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी और भाकपा(माले) कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क में प्रदर्शन कर अंकिता को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले में कथित वीआईपी एंगल की जांच और न्याय की मांग को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने आरोप लगाया कि चार साल बाद भी मामले से जुड़े कथित वीआईपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अंकिता के परिजनों को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने दावा किया कि अंकिता ने कथित तौर पर वीआईपी सेवा देने से इनकार किया था, जिसके बाद उसकी हत्या की गई। हालांकि, इस दावे की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।
आप नेता किरण पांडेय ने सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच शुरू हुए छह महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद कथित वीआईपी एंगल की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।भाकपा(माले) के जिला सचिव ललित मटियाली ने कहा कि संगठन मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संदिग्ध लोगों को राजनीतिक स्तर पर संरक्षण मिल रहा है।ऐक्टू की जिला सचिव अनिता अन्ना ने महिला अपराधों का मुद्दा उठाते हुए सितारगंज से लापता 13 वर्षीय बालिका के मामले का भी उल्लेख किया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
प्रीति मौर्य ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर चिंता जताई और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।कार्यक्रम में आप के जिला सचिव गुरनाम सिंह पन्नू, धर्मेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, दीपक विश्वास, विद्या रावत, राहुल गुप्ता तथा भाकपा(माले) के सुरेन सिंह ज्ञानी, प्रीति मौर्य, अभिषेक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी श्रद्धांजलि और न्याय की मांग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए।






