बृजेश पांडेय बने भाजपा के नए जिला अध्यक्ष, अटकलों पर लगा विराम
युवा शक्ति को भाजपा नेतृत्व ने सौंपी कमान, अब तक पार्टी में युवा मोर्चा की कमान संभाल रहे थे बृजेश

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। भारतीय जनता पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रहे बृजेश पांडेय को भाजपा जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है। भाजपा नेतृत्व के इस फैसले के साथ ही जनपद में अध्यक्ष पद के लिए चल रही अटकलो पर विराम लग गया है।
पिछले कई महीनो से भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष पद पर चयन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। इस पद पर भाजपा के जिला महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष राहुल राय, रणविजय सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, तथा नन्हेंलाल लोधी का नाम चर्चा में था। लेकिन हमेशा की भांति इस बार भी भाजपा नेतृत्व ने सभी अटकलों को धता बताते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बृजेश पांडेय पर भरोसा जताया।
बृजेश पांडेय पिछले कुछ वर्षों से भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे। इस बीच उनके समय में विधानसभा, विधान परिषद तथा नगर निकाय चुनाव भी हुआ। जिसमें पार्टी को भारी सफलता मिली। यह भी चर्चा है कि बृजेश पांडेय को भाजपा जिला अध्यक्ष पद तक पहुंचने में पयागपुर के विधायक सुभाष त्रिपाठी की अग्रणी भूमिका रही। पिछले दिनों श्री पांडेय के पिता के निधन पर भाजपा के कुछ थिंक टैंक उनके आवास पर पहुंचे। जिससे इस बात का अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा नेतृत्व बृजेश पांडेय को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है।
यह अनुमान शुक्रवार को उस समय सच साबित हुआ। जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की ओर से जारी सूची में बहराइच जिला अध्यक्ष के रूप में बृजेश पांडेय का नाम प्रकाश में आया। जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली पार्टी को लोकसभा में अपनी स्थिति बेहतर बनाए रखने में भाजपा के बहराइच नेतृत्व का भी योगदान होगा।