उत्तराखंड

स्थानांतरण और प्रतिनियुक्ति से भरे जाएंगे विभाग के रिक्त पद

देहरादून । शिक्षा मंत्री ने कहा कि लंबित पड़ी संस्कृत शिक्षा विभाग की नियमावली को शीघ्र जारी किया जाएगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। विभाग के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं में लंबे समय से रिक्त पदों को आवश्यकतानुसार प्रतिनियुक्त व सेवा स्थानांतरण के माध्यम से भरा जायेगा। संस्कृत शिक्षा के अंतर्गत आगामी 8 से 21 अप्रैल तक होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएगी।

शनिवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संस्कृत विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मंत्री ने बताया कि संस्कृत शिक्षा बोर्ड के तहत आगामी 8 से 21 अप्रैल के मध्य होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन एवं पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं।

उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा के विभागीय ढांचे को मजबूत करने के लिये शीघ्र ही विभागीय नियमावली को जारी कर दिया जायेगा। इसके अलावा विभाग के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं में लम्बे समय से रिक्त चल रहे पदों को प्रतिनियुक्त व सेवा स्थानान्तरण के आधार पर शीघ्र भरने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं ताकि विभागीय कार्यों में किसी तरह का व्यवधान न आये।

विभागीय मंत्री ने बताया कि प्रत्येक जनपद में एक-एक संस्कृत गांव की स्थापना की जानी है, जिसकी चयन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दे दिये गये हैं। संस्कृत एवं संस्कृत शिक्षा को को बढ़ावा देने के लिये उत्तराखंड संस्कृत अकादमी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। इसके तहत पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा, शास्त्री, आचार्य और प्रदेश के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कक्षाओं और विश्वविद्यालय स्तर पर स्नातक एवं परास्नातक के छात्र-छात्राओं को संस्कृत विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों में अध्ययनरत एवं पंजीकृत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें प्रदान की जाएंगी।

मंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को संस्कृत छात्रवृति प्रदान की जायेगी। शोध छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत राज्य के विश्वविद्यालयों के संस्कृत विभाग में पंजीकृत 10 शोध छात्रों को एक वर्ष के लिये 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी। संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शिक्षण सहायता योजना के तहत 20 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को वित्तीय अनुदान दिया जायेगा। अशासकीय संस्कृत विद्यालयों में संसाधनों की न्यूनता पूर्ण करने की दृष्टि से कम्प्यूटर, फर्नीचर आदि के क्रय करने को 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जायेगा।

अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन 17 मार्च से-

संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि संस्कृत शिक्षा के अंतर्गत अनुसंधान की संभावनाएं एवं अनुसंधान कौशल विषय पर दो दिवसीय अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन का आयोजन आगामी 17-18 मार्च को अकादमी परिसर हरिद्वार में किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से संस्कृत के विद्वान, आचार्य, शिक्षक एवं शोध छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसी प्रकार आदमी द्वारा संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिये समय-समय पर अखिल भारतीय संस्कृत कवि सम्मेलन और अखिल भारतीय ज्योतिष व वास्तु सम्मेलनों का आयोजन किया जाता रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button