
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- क्षेत्र में जलभराव, जर्जर सड़कों और आवागमन की समस्याओं को लेकर आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गली-मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों के निरीक्षण के दौरान बरसात के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के अनुसार, कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों और कीचड़ से प्रभावित हैं। जलभराव के कारण पैदल चलने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं स्कूली बच्चों को भी आवाजाही में परेशानी होने का दावा किया गया है। पानी जमा होने से जहरीले कीड़े-मकोड़ों और सांपों का खतरा भी बना रहने की बात कही गई है।सतेन्द्र कुमार ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने, जलभराव वाले स्थानों पर पंप आदि की व्यवस्था कर पानी की निकासी कराने तथा गड्ढों में रोड़ी और मलबा डालकर अस्थायी रूप से आवागमन सुगम कराने की मांग की।उन्होंने बरसात के बाद संबंधित विभागों से सड़कों की स्थायी मरम्मत और पक्के निर्माण की कार्रवाई कराने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि जलभराव की समस्या का जल्द समाधान होने से स्थानीय लोगों को राहत मिल सकेगी।






