CrimeCyber FraudUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य खबरेंहरदोई

फॉलोअप ढाई बीघा खेत का विवाद या शक की आग? पत्नी को गोली मारने के बाद कथावाचक पति फरार

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हरदोई में कथावाचन करने वाले एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को लाइसेंसी राइफल से गोली मारने का आरोप लगा है। गंभीर हालत में लखनऊ ले जाई गई महिला ने घटना के करीब 25 घंटे बाद शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद मृतका के बड़े बेटे ने अपने पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।मामला मिश्रीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले दुर्गेश प्रसाद उर्फ दुर्गा प्रसाद घर-घर जाकर कथावाचन करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उनकी 45 वर्षीय पत्नी दुर्गेशवती घर की रसोई में खाना तैयार कर रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। परिवार के लोगों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर दुर्गेश ने अपनी लाइसेंसी राइफल से पत्नी के पेट में गोली मार दी।

खेत बेचने को लेकर भी दोनों के बीच मतभेद होने की बात सामने आई है

गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद बच्चे और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। खून से लथपथ महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पहले सीएचसी और इसके बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां के चरित्र पर संदेह करते थे और इसी बात को लेकर घर में झगड़ा होता रहता था। हाल में ढाई बीघा खेत बेचने को लेकर भी दोनों के बीच मतभेद होने की बात सामने आई है।दुर्गेशवती की शादी वर्ष 2003 में हुई थी। उनके तीन बेटे देवव्रत, देव और हर्ष तथा एक बेटी वैष्णवी है। बड़ा बेटा देवव्रत गुरुग्राम में नौकरी करता है। छोटे बेटे हर्ष ने पिता पर मां के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि मृतका के बड़े बेटे की तहरीर पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button