बाढ़ क्षेत्र में पहुंचीं एसडीएम शिवानी सिंह, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं,अली शेर पुरवा समेत कई गांवों का किया भ्रमण

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- गंगा और रामगंगा नदियों के लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है। सोमवार को एसडीएम सवायजपुर शिवानी सिंह ने बाढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों का हाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति तथा नदी के पानी के गांवों की ओर पहुंचने की जानकारी ली।
एसडीएम शिवानी सिंह ने अली शेर पुरवा, बेहटा मुड़िया, सुदनीपुर, बरगदा पुरवा, अदनिया तथा झड़ापुरवा मजरा अरवल सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा और रामगंगा नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी के पहुंच चुका है।नदी के किनारे अन्य कई स्थानों पर पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

रोजमर्रा के जरूरी सामान को लेकर चिंता
जलस्तर बढ़ने से सबसे अधिक चिंता नदी किनारे बसे ग्रामीण परिवारों को अपने रोजमर्रा के जरूरी घरेलू सामान, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं को लेकर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा और गांवों तक पहुंचा तो आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दैनिक जरूरत की वस्तुओं की उपलब्धता भी मुश्किल हो सकती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं कराने, आवागमन के साधन उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की मांग की।

एसडीएम ने स्थिति का लिया जायजा
भ्रमण के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जलस्तर में होने वाले बदलाव की निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा नदी और बाढ़ के पानी के नजदीक अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की।
एसडीएम के क्षेत्र भ्रमण से ग्रामीणों को प्रशासन की सक्रियता का भरोसा मिला। वहीं लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में लोग अब संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।





