
जन एक्सप्रेस / घनसाली : भिलंगना ब्लॉक के जखन्याली गांव में गुरुवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों ने बादल फटने की काल्पनिक घटना का सफल अभ्यास किया, ताकि आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता का आकलन किया जा सके।
एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और राहत कार्यों की प्रभावशीलता को परखना है। अभ्यास के तहत जखन्याली गांव में बादल फटने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिससे सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति दिखाई गई।
मॉक ड्रिल के अनुसार दो लोगों की मृत्यु और 12 लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। इनमें से दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। साथ ही कई पशुओं के मलबे में दबने की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने राहत अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
अभ्यास में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन टीम और अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर तहसीलदार हरीश जोशी, थानाध्यक्ष अजय जाटव, वन क्षेत्राधिकारी शिव प्रसाद गैरोला, डॉ. अनुभव कुड़ियाल, डॉ. प्रज्ञा गैरोला, एसडीआरएफ के गब्बर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






